

नगरवासियों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, धार्मिक स्थल से निर्माण हटाकर अन्यत्र कराने की मांग
हिंदी न्यूज़ 24
सगड़ी, आजमगढ़। नगर पंचायत जीयनपुर स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर परिसर में प्रवचन चबूतरा तोड़कर लाइब्रेरी निर्माण कराए जाने के विरोध में बुधवार को नगरवासियों ने तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया। पुजारी के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने उप जिलाधिकारी सगड़ी संजीव कुमार राय को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य रोकने और लाइब्रेरी को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि हनुमानगढ़ी मंदिर परिसर के पास कोइरिया पोखरा स्थित प्रवचन चबूतरा धार्मिक आयोजनों के लिए पहले से इस्तेमाल होता रहा है। नगर पंचायत द्वारा चबूतरे को तोड़कर उसी स्थान पर लाइब्रेरी का निर्माण कराया जा रहा है। इससे धार्मिक आयोजनों में बाधा उत्पन्न होने की आशंका है। नगरवासियों ने मांग की कि नगर पंचायत में उपलब्ध अन्य सरकारी भूमि पर लाइब्रेरी का निर्माण कराया जाए।
नगरवासियों के अनुसार कोइरिया पोखरा क्षेत्र में पहले से ही जगह का अभाव है और विभिन्न स्थानों पर निर्माण हो चुके हैं। करीब दो वर्ष पूर्व पोखरे के सुंदरीकरण पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए थे। इसके बावजूद निर्माण कार्य से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने का आरोप लगाया गया है।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पोखरे पर छठ पूजा सहित अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु जुटते हैं। जगह कम पड़ने के कारण पहले से ही परेशानी होती है। यहां समय-समय पर अन्य धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित होते रहते हैं। नगरवासियों का कहना है कि पूर्व में भी उप जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर निर्माण रोकने की मांग की गई थी, लेकिन कार्य जारी रहा।
इसके विरोध में दर्जनों नगरवासी तहसील पहुंचे और नगर पंचायत अध्यक्ष तथा अधिशासी अधिकारी के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए निर्माण रोकने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नगर पंचायत में पर्याप्त सरकारी जमीन उपलब्ध है, इसलिए लाइब्रेरी का निर्माण किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर कराया जाए।
इस दौरान पुजारी हरिशंकर दास, अनीरुद्ध प्रताप यादव, रमेश, बिंदु, मुन्ना वैद्य, शोधन प्रजापति, विजय कुमार, राजेंद्र प्रजापति, हरदेव, भानु प्रताप यादव समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।
उप जिलाधिकारी सगड़ी संजीव कुमार राय ने बताया कि अधिशासी अधिकारी जीयनपुर को पत्र भेजकर निर्माण कार्य किन परिस्थितियों में कराया जा रहा है, इसकी जांच कराई जाएगी। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन उन्होंने प्रदर्शनकारियों को दिया।