एसएसपी के निर्देश पर चला विशेष अभियान, न्यायालय के वारंटों का कराया जा रहा शत-प्रतिशत अनुपालन
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जहानागंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र के नेतृत्व में रविवार को अभियान चलाया गया। इस दौरान न्यायालय से जारी वारंटों के आधार पर विभिन्न मामलों में वांछित आठ वारंटियों को उनके-अपने क्षेत्रों से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार किए गए वारंटियों में श्रीराम (खल्लोपुर), मुनीब राम (सेवटा), रानी (बरहतिर जगदीशपुर), सूर्यनाथ (बैलाकोट), मुन्ना सिंह उर्फ संतोष (भुजही), इसरावती (मसउदपुर), लीला (बड़ौरा बुजुर्ग) तथा विनोद (बरहतिर जगदीशपुर) शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ विभिन्न मामलों में न्यायालय से वारंट जारी था।
पुलिस ने सभी आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया। पुलिस का कहना है कि न्यायालय से जारी वारंटों के शत-प्रतिशत अनुपालन के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।