कर्तव्य में लापरवाही पर SSP का एक्शन, उपनिरीक्षक और रिक्रुट आरक्षी निलंबित

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर

उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना और कर्तव्य में लापरवाही बनी कार्रवाई का आधार

आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कर्तव्य निर्वहन में घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने वाले दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

मेंहनगर में तैनात उप निरीक्षक उमेश कुमार सिंह पर आरोप है कि उन्होंने एक पंजीकृत मुकदमे में वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए कोई प्रभावी प्रयास नहीं किया। साथ ही उच्चाधिकारियों के आदेशों की भी अवहेलना की। मामले को गंभीर मानते हुए SSP ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं।


वहीं थाना गंभीरपुर में तैनात रिक्रुट आरक्षी रूद्र प्रताप सिंह को भी अपने पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचारिता बरतने के आरोप में निलंबित किया गया है। आरोप है कि उन्होंने एक मुकदमे में वांछित अभियुक्त एवं हिस्ट्रीशीटर की निगरानी के लिए निर्धारित संतरी पहरा ड्यूटी का समुचित निर्वहन नहीं किया और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी की।


एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अनुशासनहीनता, कर्तव्य के प्रति लापरवाही अथवा वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *