
रिक्शा स्टैंड पर धरना प्रदर्शन कर आबकारी आयुक्त को प्रेषित किया मांगपत्र
आजमगढ़। वाहन चालक कल्याण समिति ने सोमवार को रिक्शा स्टैंड पर धरना दिया। इस दौरान चालाकों के साथ हो रहे दुव्र्यवहार समेत पूर्वंचल एक्सप्रेस वे पर बीते एक जुलाई को चालक से मारपीट व पैसा आदि ले लिए जाने के मुद्दों पर चर्चा कर संघर्ष की रणनीति तय की गई। मांगों का एक पत्रक भी आबकारी आयुक्त को प्रेषित किया गया।
धरने के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बीते छह जुलाई को पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर एक बोलेरो सवार तीन वर्दीधारी सिपाहियों, एक महिला सिपाही व एक सिविल ड्रेस में व्यक्ति ने डीसीएम ट्रक चालक अखिलेश वर्मा व एक अन्य चालक सौरभ शाह को रोका। चालकों के साथ मारपीट की गई। उन्हें जबरन अपने वाहन में बैठा लिया गया। इतना ही नहीं उनकी मोबाइल व पास में मौजूद 24 हजार रूपये भी ले लिए गए। लगभग एक घंटे बाद दोनों चालकों को सिर्फ उनकी मोबाइल देकर छोड़ दिया गया। इस घटना में शामिल पुलिस कर्मियों आदि की पहचान कर मुकदमा पंजीकृत करने व पीड़ित चालकों को न्याय व सुरक्षा दिए जाने की मांग की गई। धरना प्रदर्शन के बाद समिति के माध्यम से एक मांगपत्र आबाकारी आयुक्त को प्रेषित किया गया। इस दौरान संगठन के अध्यक्ष सुरेश चंद्र यादव समेत काफी संख्या में वाहन चालक मौजूद रहे।