मुखबिर की सूचना पर हाफिजपुर चौराहे के पास कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, .315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद
आजमगढ़। कोतवाली पुलिस ने अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ महाराष्ट्र के एक हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर हाफिजपुर चौराहे के पास की गई कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) मधुबन कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। 12 जुलाई की रात करीब 11:20 बजे चौकी प्रभारी बलरामपुर उपनिरीक्षक मिथिलेश कुमार प्रजापति अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति हाफिजपुर चौराहे से बद्दोपुर मार्ग पर अवैध असलहा लेकर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और अबू तालिब शेख (35 वर्ष) पुत्र अफाक अहमद शेख, निवासी संजय गांधी नगर, थाना सर जे.जे. मार्ग, जिला बृहन्मुंबई (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से एक देशी तमंचा (.315 बोर) और एक जिंदा कारतूस (.315 बोर) बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर कोतवाली थाने में मु0अ0सं0 374/2026 के तहत धारा 3/25 शस्त्र अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र के सर जे.जे. मार्ग थाने में पहले से दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामले शामिल हैं। पुलिस आरोपी के संबंध में अन्य जानकारियां भी जुटा रही है।