

जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र से लेकर स्ट्रीट लाइट, सफाई, टेंडर और जलनिकासी व्यवस्था में सुधार की उठाई मांग
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। नगर पालिका परिषद आजमगढ़ क्षेत्र में व्याप्त जनसमस्याओं और विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजय सिंह ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा है। उन्होंने विभिन्न समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई कराने और विकास कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
शिकायती पत्र में सबसे पहले जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया का मुद्दा उठाया गया है। आरोप है कि प्रमाणपत्र बनवाने के दौरान आम लोगों को अनावश्यक आर्थिक, मानसिक और शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आवेदनों के समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग किया।
खराब स्ट्रीट लाइटों से सुरक्षा का खतरा
शहर की प्रमुख सड़कों और मोहल्लों में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों पर भी चिंता जताई गई है। पत्र में कहा गया है कि रात के समय अंधेरा रहने से दुर्घटनाओं के साथ ही सुरक्षा संबंधी खतरा बना रहता है। बंद पड़ी लाइटों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की गई।
निर्माण कार्यों में अनियमितता का आरोप
निर्माण एवं अनुरक्षण कार्यों को लेकर शिकायती पत्र में गंभीर सवाल उठाए गए हैं। आरोप लगाया गया है कि पुराने और टूटे-फूटे कार्यों की मरम्मत कराने के बजाय कई स्थानों पर चालू व सही निर्माण को तोड़कर दोबारा अनुरक्षण के नाम पर बजट खर्च किया जा रहा है। इस पर तत्काल रोक लगाने और कार्यों की जांच कराने की मांग की गई।
सफाई और कूड़ा उठान व्यवस्था सुधारने की मांग
नगर के विभिन्न वार्डों में नियमित रूप से कूड़ा न उठने से गंदगी फैलने की शिकायत भी की गई है। शिकायतकर्ता ने सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति और कूड़ा उठान की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है।
टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग
शिकायती पत्र में सिविल समेत अन्य पालिका टेंडरों में पारदर्शिता का अभाव होने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष ई-टेंडरिंग प्रक्रिया अपनाने की मांग की गई है। साथ ही ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने और नियमों की अनदेखी की शिकायतों की जांच कराने की मांग की गई।
जलभराव और नालियों की समस्या भी उठाई
नगर क्षेत्र के बंधों की नियमित सफाई न होने और नालियों के अवरुद्ध रहने से जलभराव की समस्या का भी जिक्र किया गया है। बंधों की सफाई और प्रभावी जलनिकासी के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की गई।
अजय सिंह ने इन सभी मामलों की जांच के लिए निष्पक्ष समिति गठित करने, दोषी पाए जाने पर कार्रवाई करने तथा जनता की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो जनहित में व्यापक आंदोलन के लिए विवश होना पड़ेगा।