
सिधारी थाना क्षेत्र में हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ था वायरल, जांच के बाद युवती की पहचान हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र में हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने युवती की पहचान कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वायरल वीडियो में युवती फायरिंग करती दिखाई दे रही थी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो वायरल होने की जानकारी मिली, जिसमें एक युवती फायरिंग करती दिखाई दे रही थी। जांच के दौरान उसकी पहचान अंजली सिंह निवासीनी बद्दोपुर, थाना कोतवाली, आजमगढ़ के रूप में हुई। पुलिस की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर उसके खिलाफ सिधारी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बताया गया कि युवती ने सिधारी थाना क्षेत्र के तिवारीपुर स्थित अपने ननिहाल में हर्ष फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। एफआईआर के अनुसार, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस को इसकी जानकारी हुई। तहरीर में फायरिंग के कारण क्षेत्र में दहशत का माहौल बनने का भी उल्लेख किया गया है। मामले में पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सिधारी थाने में 29 सितंबर की रात एफआईआर संख्या 0401 दर्ज की गई। मुकदमे में शस्त्र अधिनियम की धाराएं 25 और 9 लगाई गई हैं। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक यशवंत सिंह को सौंपी गई है।
पुलिस अब वायरल वीडियो और फायरिंग से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। एफआईआर में युवती की जन्म तिथि वर्ष 2002 दर्ज है।