
बीएसए कार्यालय का कर्मचारी बनकर पीड़ित से ऐंठे रुपये, फर्जी आईडी और मुहर से तैयार किया नियुक्ति पत्र; मेहनाजपुर पुलिस ने आरोपी को दबोचा
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। मेहनाजपुर थाना पुलिस ने सहायक अध्यापक की नौकरी दिलाने के नाम पर 2.30 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अभियुक्त ने खुद को बीएसए कार्यालय आजमगढ़ का कर्मचारी बताकर पीड़ित को फर्जी परिचय पत्र दिखाया और नौकरी दिलाने के नाम पर उससे रुपये ले लिए। इसके बाद उसे फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिया।
ज्वाइनिंग कराने पहुंचा तो खुली फर्जीवाड़े की पोल
पुलिस के अनुसार, मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के हिलालपुर निवासी लक्ष्मन विश्वकर्मा ने शिकायत दर्ज कराई कि बेला कलीचपुर निवासी हरिश्चन्द्र ने खुद को बीएसए कार्यालय आजमगढ़ का कर्मचारी बताते हुए फर्जी आईडी दिखाई। सहायक अध्यापक की नौकरी दिलाने के नाम पर उससे 2 लाख 30 हजार रुपये नकद लिए गए।
कुछ दिन बाद आरोपी ने पीड़ित को नियुक्ति पत्र दिया। पीड़ित जब उक्त नियुक्ति पत्र के आधार पर ज्वाइनिंग करने पहुंचा तो उसे नियुक्ति पत्र के फर्जी होने की जानकारी हुई। इसके बाद पीड़ित ने अपने रुपये वापस मांगे, लेकिन आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पीड़ित की तहरीर पर मेहनाजपुर थाने में मु0अ0सं0-87/2026 के तहत धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर धारा 341(1) और 317(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई।
मानिकपुर मोड़ से आरोपी गिरफ्तार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी लालगंज के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मेहनाजपुर अखिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक प्रशान्त पाण्डेय पुलिस टीम के साथ आरोपी की तलाश कर रहे थे।
इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मानिकपुर मोड़ से आरोपी हरिश्चन्द्र उर्फ हरिचरन राम को बुधवार 30 सितंबर 2026 को करीब 2:10 बजे गिरफ्तार कर लिया।
फर्जी आईडी और बीएसए कार्यालय की मुहर बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से कथित तौर पर—
01 फर्जी परिचय पत्र, कार्यालय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, आजमगढ़
01 फर्जी मुहर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, आजमगढ़
01 आधार कार्ड
01 मोबाइल फोन
10 हजार रुपये नकद
बरामद किए हैं।
58 वर्षीय है गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान हरिश्चन्द्र उर्फ हरिचरन राम पुत्र रामफेर राम, निवासी ग्राम बेला कलीचपुर, थाना मेहनाजपुर, जनपद आजमगढ़, उम्र करीब 58 वर्ष के रूप में हुई है।
इन पुलिसकर्मियों ने की गिरफ्तारी
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रशान्त पाण्डेय, हेड कांस्टेबल कालिका यादव और कांस्टेबल पुनीत सिंह, थाना मेहनाजपुर, आजमगढ़ शामिल रहे।