सर्पदंश से 22 वर्षीया बीएड छात्रा की मौत, परिवार में मचा कोहराम

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण

देर रात सोते समय अज्ञात जीव के काटने से बिगड़ी तबीयत, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में हुई मौत

आजमगढ़। थाना क्षेत्र के लेदौरा (बनरपुरा) गांव में रविवार देर रात सर्पदंश की घटना में 22 वर्षीय युवती की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।


जानकारी के अनुसार, लेदौरा (पोस्ट गहजी) निवासी अरविंद कुमार की पुत्री रेशम कुमारी (22) रविवार रात भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थी। रात करीब तीन बजे सोते समय किसी अज्ञात विषैले जीव के काटने की जानकारी परिजनों को हुई। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए फूलपुर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।


रेशम का शव घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। रेशम बीएड की छात्रा थी और दो बहनों में बड़ी थी। परिवार में दो भाई मुन्ना और रणजीत, तथा छोटी बहन रोशनी हैं। युवती की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा है और ग्रामीणों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।


अहरौला थानाध्यक्ष मंतोष सिंह ने बताया कि सर्पदंश से युवती की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *