विषाक्त पदार्थ खाने से युवक की मौत, शाहगंज ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण


अज्ञात कारणों से 27 वर्षीय विनोद मौर्य ने निगला विषाक्त पदार्थ, परिजनों के आग्रह पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

हिंदी न्यूज़ 24
फूलपुर। कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में शुक्रवार दोपहर अज्ञात कारणों से विषाक्त पदार्थ खाने से 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए रेफर कर दिया। परिजन उसे जौनपुर जिले के शाहगंज लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पिता चंद्रबली मौर्य ने पुलिस को पोस्टमार्टम के लिए तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को विनोद अपने परिवार के साथ कमरे में था। इसी दौरान अज्ञात कारणों से उसने विषाक्त पदार्थ निगल लिया। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में परिजन उसे ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे रेफर कर दिया।
शाहगंज ले जाते समय रास्ते में मौत
ट्रामा सेंटर से रेफर किए जाने के बाद परिजन विनोद को जौनपुर के शाहगंज लेकर जा रहे थे। रास्ते में ही उसकी हालत और बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर फूलपुर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
नगर पंचायत में चलाता था निजी वाहन
परिजनों के अनुसार विनोद मौर्य फूलपुर नगर पंचायत में निजी वाहन चलाता था। करीब आठ माह पहले उसने वाहन चलाना छोड़ दिया था। उसकी पहली पत्नी का पूर्व में निधन हो चुका है। पहली पत्नी से उसकी दो पुत्रियां हैं। दूसरी शादी के बाद वह अपनी पत्नी के साथ घर पर रह रहा था।
कोतवाल देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों के आग्रह पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आगे विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *