
अंतर्राज्यीय गिरोह का सक्रिय सदस्य चढ़ा पुलिस के हत्थे, आजमगढ़ में दो वारदातों का खुलासा
आजमगढ़। ग्रहदोष और धर्म-कर्म का भय दिखाकर महिलाओं से आभूषण व नकदी ठगने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के 25 हजार रुपये के इनामी सदस्य को कोतवाली पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर निवासी हुसैनू (45) के रूप में हुई है। उसके पास से 400 रुपये नकद, आभूषण साफ करने वाला केमिकल और विभिन्न रंगों के 10 नग बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, सात फरवरी को मऊ जिले की रहने वाली आशा ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि सिधारी स्थित शंकर तिराहा के पास दो लोगों ने परिवार पर ग्रहदोष और अशुभ प्रभाव का भय दिखाकर उन्हें विश्वास में लिया। ग्रहदोष दूर करने के बहाने सोने की चेन, अंगूठी और दो हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे।
विवेचना के दौरान गिरोह के सदस्य लईक उर्फ लकी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। उससे पूछताछ और मुखबिर की सूचना के आधार पर सोमवार सुबह करीब 10.40 बजे कोतवाली पुलिस ने आजमगढ़ रोडवेज प्राइवेट बस अड्डे से हुसैनू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों सैफ अली खां, इमरान और लईक उर्फ लकी के साथ मिलकर विभिन्न राज्यों में ठगी करने की बात स्वीकार की। गिरोह खासतौर पर अधेड़ और बुजुर्ग महिलाओं को ग्रहदोष, पूजा-पाठ और धर्म-कर्म का भय दिखाकर अपने जाल में फंसाता था।
पुलिस के मुताबिक गिरोह ने छह फरवरी को बेलइसा सब्जी मंडी और सात फरवरी को लाइफ लाइन हॉस्पिटल के पास महिलाओं से ठगी की थी। ठगे गए आभूषण बेचकर रकम आपस में बांट ली गई थी। आरोपी के हिस्से में करीब 35 हजार रुपये आए थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आजमगढ़ और सोनभद्र के विभिन्न थानों में ठगी, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट समेत पांच मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।