80 लाख की रकम हड़पने का आरोप, रुपये मांगने पर धमकी, चार के खिलाफ मुकदमा

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

जमीन के एग्रीमेंट के नाम पर अलग-अलग खातों में रकम लेने का आरोप

पीड़ित ने लगाया छल-कपट और रुपये हड़पने का आरोप


आजमगढ़। जमीन के एग्रीमेंट के नाम पर लाखों रुपये लेने और बाद में रकम वापस मांगने पर धमकी देने का मामला सामने आया है। शहर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


एफआईआर के मुताबिक, मुहल्ला खत्रीटोला निवासी अरविन्द कुमार सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि मार्च 2023 में एक प्रॉपर्टी डीलर के माध्यम से कानपुर देहात स्थित जमीन का सौदा तय हुआ था। जमीन का एग्रीमेंट करीब 77 लाख 675 रुपये में किया गया। आरोप है कि विक्रेता पक्ष के कहने पर विभिन्न बैंक खातों में रुपये भेजे गए। पीड़ित ने एक खाते में पांच लाख रुपये भेजने का भी उल्लेख किया है। पीड़ित का कहना है कि बाद में जानकारी हुई कि संबंधित जमीन पहले से ही सरकार द्वारा अधिग्रहित की जा चुकी है। आरोप है कि इसके बावजूद जमीन का एग्रीमेंट कराकर रकम ली गई। पीड़ित ने कुल करीब 80 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। तहरीर में आरोप है कि रकम वापस मांगने पर संबंधित लोगों ने रुपये लौटाने से इनकार कर दिया और धमकी दी। पीड़ित ने छल-कपट और धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई। शहर कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मनोज त्रिपाठी, नरेंद्र देव त्रिपाठी, रामलोचन त्रिपाठी और किरण त्रिपाठी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *