
मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के बरवा गांव की घटना, चुनावी रंजिश का मामला
आजमगढ़। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के बरवा गांव निवासी मनोज कुमार राजभर ने ग्राम प्रधान समेत कई लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर के अनुसार, 25 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे पीड़ित मेहनाजपुर बाजार से घर लौट रहा था। रास्ते में स्कूल मैदान के पास कुछ लोग आपस में झगड़ा कर रहे थे। पीड़ित के अनुसार, वह उन्हें समझाकर आगे बढ़ रहा था, तभी गांव के ग्राम प्रधान प्रवेश राजभर, हरिनाथ राजभर, शिवश्याम उर्फ पूजा, गौतम उर्फ गोलू, राकेश राजभर सहित अन्य लोगों ने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और टाइल्स से हमला कर दिया, जिससे पीड़ित के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भतीजे को भी जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक अमित कुमार पाल को सौंपी है। आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।