
रेलवे स्टेशन स्थित मंदिर में युवती के साथ अश्लील हरकत करते वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ था वायरल
आजमगढ़। सोशल मीडिया पर वायरल हुए अश्लील हरकत के वीडियो के बाद सिधारी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के मुकदमे में वांछित आरोपी कमलेश यादव को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। आरोपी के खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को एक महिला ने थाना सिधारी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि पल्हनी निवासी कमलेश यादव ने उसकी पुत्री के साथ दुष्कर्म किया। तहरीर के आधार पर थाना सिधारी में मु0अ0सं0-309/2026 के तहत बीएनएस की धारा 64(1), 352 एवं 351(3) में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
इसी बीच बउरहवा बाबा मंदिर परिसर में एक महिला के साथ अश्लील हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कमलेश यादव (35), पुत्र रामसकल यादव, निवासी पल्हनी, थाना सिधारी को शनिवार दोपहर करीब 2:50 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, एससी/एसटी एक्ट, आर्म्स एक्ट, गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई संगीन धाराओं में पहले से नौ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
आरोपी की गिरफ्तारी प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक मनीष मिश्रा, हेड कांस्टेबल आफताब, हेड कांस्टेबल अनिल राय, कांस्टेबल नीरज यादव, कांस्टेबल ऐश कुमार एवं महिला कांस्टेबल गुड़िया मिश्रा की टीम ने की।