फर्जी निकाहनामा बनवाकर 18 लाख की जमीन हड़पने का आरोप, कोर्ट के आदेश पर छह लोगों पर मुकदमा

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण

2021 में पीड़ित ने आरोपी से 18 लाख में ख़रीदा था 0.870 हेक्टेयर कृषि भूमि


आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बनकट गांव निवासी अब्दुल गफ्फार की तहरीर पर न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।


वादी का आरोप है कि वर्ष 2021 में उसने अपनी गांव की निवासी सोफियाना बानो से करीब 0.870 हेक्टेयर कृषि भूमि 18 लाख रुपये में खरीदी थी। भुगतान बैंक के माध्यम से किया गया और जमीन की रजिस्ट्री उसके नाम दर्ज हो गई।


आरोप है कि बाद में सोफियाना बानो ने अपनी बेटी नौशीन समेत अन्य लोगों के साथ मिलकर फर्जी निकाहनामा तैयार कराया और उसी के आधार पर तहसील में प्रार्थना पत्र देकर जमीन की रजिस्ट्री निरस्त कराने का प्रयास किया। वादी का यह भी कहना है कि सूचना के अधिकार के तहत जानकारी लेने पर संबंधित संस्था का कोई पंजीकरण नहीं मिला, जबकि उसी संस्था के नाम से निकाहनामा जारी किया गया था।
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने अपने 18 लाख रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पहले पुलिस से शिकायत करने पर कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली।


न्यायालय के आदेश पर मुबारकपुर पुलिस ने सोफियाना बानो, नौशीन, आरिफ, चुनुन, शौहराब और नौशाद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *