महिला के पेट से निकला 15 किलो का विशाल ट्यूमर, सफल ऑपरेशन से मिली नई जिंदगी

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण

चार माह से बढ़ रहा था पेट, वजन बढ़ने का था भ्रम, जटिल ऑपरेशन के बाद महिला पूरी तरह खतरे से बाहर

आजमगढ़। फूलपुर तहसील क्षेत्र के दशमड़ा गांव निवासी 65 वर्षीय मीना देवी पत्नी स्वर्गीय रामसूरत के पेट से चिकित्सकों ने सफल ऑपरेशन कर करीब 15 किलोग्राम का विशाल ट्यूमर निकालकर उन्हें नई जिंदगी दी।
परिजनों के अनुसार मीना देवी पिछले चार माह से पेट के असामान्य रूप से बढ़ने की समस्या से परेशान थीं। शुरुआत में उन्हें लगा कि उनका वजन बढ़ रहा है, जिसके चलते उन्होंने वजन कम करने की दवाइयों सहित अन्य उपचार कराए, लेकिन पेट लगातार बढ़ता गया। इससे परिवार की चिंता भी बढ़ गई।
स्थिति गंभीर होने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए स्थानीय निजी हॉस्पिटल एवं ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच किए जाने पर पता चला कि उनके पेट में लगभग 15 किलो वजन का विशाल ट्यूमर है। रिपोर्ट आने के बाद चिकित्सकों की टीम ने जटिल ऑपरेशन करने का निर्णय लिया।
काफी देर तक चली सफल शल्यक्रिया के दौरान चिकित्सकों ने महिला के पेट से करीब 15 किलोग्राम का ट्यूमर निकाल दिया। ऑपरेशन के बाद महिला की हालत सामान्य बताई जा रही है और वह तेजी से स्वस्थ हो रही हैं।
मीना देवी ने बताया कि ऑपरेशन के बाद उन्हें पहले की तुलना में काफी राहत मिली है और अब किसी प्रकार की परेशानी नहीं है। उन्होंने सफल उपचार के लिए चिकित्सकों और अस्पताल प्रबंधन का आभार जताया।
अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. फैसल खान ने बताया कि महिला का समय रहते ऑपरेशन कर दिया गया, जिससे उनकी जान बच गई। उन्होंने कहा कि यदि उपचार में और देरी होती तो बढ़ते ट्यूमर के कारण महिला की जान को गंभीर खतरा हो सकता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *