
मुबारकपुर थाना क्षेत्र का मामला, कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा, जांच में जुटी पुलिस
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र में जमीन का बैनामा कराने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर मुबारकपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
आरोप है कि मुबारकपुर निवासी रिजवान अहमद ने एक भूखंड का सौदा 45.50 लाख रुपये में तय किया था। शिकायतकर्ता के अनुसार 21 अगस्त 2018 को विभिन्न बैंक खातों से कई चेकों के माध्यम से कुल 30 लाख रुपये तथा बाद में किस्तों में 15.50 लाख रुपये देकर पूरी धनराशि अदा कर दी गई।
शिकायत में कहा गया है कि रुपये लेने के बावजूद आरोपी ने संबंधित भूमि का बैनामा नहीं कराया। आरोप है कि इसी धनराशि से आरोपी ने अन्य लोगों के नाम दूसरी जमीन का बैनामा करा लिया और शिकायतकर्ता को लगातार टालता रहा।
पीड़ित के अनुसार 3 फरवरी 2026 को शिकायतकर्ता जब अपने भाई और पुत्र के साथ रिजवान के घर रुपये या जमीन की मांग करने पहुंचा तो उसने और साथ के अन्य लोगों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और भगा दिया।
पीड़ित का कहना है कि उसने पहले भी पुलिस अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर मुबारकपुर थाने में आरोपी रिजवान अहमद के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।