
आजमगढ़। जनपद के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में एक प्रेमी युगल का विवाह पुलिस की पहल और दोनों परिवारों की सहमति से मंदिर में संपन्न कराया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाकर बातचीत कराई, जिसके बाद आपसी सहमति से विवाह कराने का निर्णय लिया गया।
जानकारी के अनुसार, जीयनपुर कस्बे में स्थानीय लोगों ने एक युवक और युवती को संदिग्ध परिस्थितियों में देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर उपनिरीक्षक दल प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों को जीयनपुर कोतवाली ले आए। इसके बाद उनके परिजनों को सूचना देकर बुलाया गया।
पूछताछ में युवती की पहचान अनु (20), पुत्री गोपाल, निवासी हरनई तथा युवक की पहचान उपेंद्र, पुत्र श्रीराम, निवासी डेगना, थाना बिलरियागंज के रूप में हुई। दोनों परिवारों के कोतवाली पहुंचने पर पुलिस की मौजूदगी में बातचीत हुई, जिसके बाद दोनों पक्ष विवाह के लिए राजी हो गए।
परिजनों द्वारा लिखित सहमति दिए जाने के बाद पुलिस ने युवक-युवती को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद देर रात दोनों परिवारों की मौजूदगी में एक मंदिर में पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ विवाह संपन्न हुआ। प्रेमी युगल ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और युवक ने युवती की मांग में सिंदूर भरकर साथ जीवन बिताने का संकल्प लिया।
विवाह समारोह में दोनों पक्षों के परिजन और स्थानीय लोग मौजूद रहे। पुलिस की पहल से दोनों परिवारों के बीच सहमति बनने के बाद यह विवाह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया।