
परीक्षा विभाग की कथित लापरवाही से छात्रों का साल बर्बाद होने का आरोप, समाधान न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय में छात्रों के रिजल्ट में इयर बैक की समस्या को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने मोर्चा खोल दिया। बुधवार को एबीवीपी कार्यकर्ताओं और पीड़ित छात्र-छात्राओं ने परीक्षा नियंत्रक के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। इसके बाद परीक्षा नियंत्रक को मांग पत्र सौंपकर समस्या के तत्काल समाधान की मांग की गई।
विभाग संयोजक गौरव प्रताप शर्मा के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि परीक्षा विभाग की लापरवाही के चलते बड़ी संख्या में छात्रों के रिजल्ट में इयर बैक की समस्या सामने आई है। इससे विद्यार्थियों का एक साल प्रभावित होने की स्थिति बन गई है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन को गंभीरता दिखानी चाहिए।
गौरव प्रताप शर्मा ने कहा कि परीक्षा विभाग की कथित लापरवाही का खामियाजा विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है। विद्यार्थी परिषद छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को तीन दिन के भीतर इयर बैक की समस्या का उचित समाधान करने का समय दिया।
एबीवीपी ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो विश्वविद्यालय परिसर में इससे बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान विभाग संगठन मंत्री सात्विक श्रीवास्तव, आलोक मिश्रा, शिवम गोस्वामी, सितारा कुमारी और अनुराग गोस्वामी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।