सीएम युवा उद्यमी योजना में आजमगढ़ पूरे प्रदेश में अव्वल

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


5745 युवाओं को ऋण वितरण, जौनपुर दूसरे और कानपुर नगर तीसरे स्थान पर
आजमगढ़। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने में आजमगढ़ ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। अक्टूबर 2024 में योजना के शुभारंभ से 12 अगस्त 2026 तक जिले में 5745 उद्यम इकाइयों के लिए ऋण वितरण कराया जा चुका है। जिलाधिकारी रविंद्र के प्रभावी मार्गदर्शन और लगातार निगरानी को इस उपलब्धि की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
2026-27 में लक्ष्य से आगे निकला जिला
योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में आजमगढ़ को 2900 आवेदन का लक्ष्य मिला था, जिसके सापेक्ष अब तक 3511 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इन आवेदनों में कुल 1582.23 लाख रुपये की मार्जिन मनी शामिल है। वहीं, 3213 आवेदन बैंकों को भेजे गए, जिनमें 1447.44 लाख रुपये की मार्जिन मनी धनराशि शामिल है।
1011 इकाइयों को मिला ऋण
बैंकों को भेजे गए आवेदनों में अब तक 1011 इकाइयों के पक्ष में ऋण वितरण कराया जा चुका है। इन इकाइयों के लिए 404.02 लाख रुपये की मार्जिन मनी धनराशि शामिल है।
टॉप-5 में पूर्वांचल के दो जिले
योजना के तहत ऋण वितरण के मामले में प्रदेश के शीर्ष पांच जिलों में आजमगढ़ 5745 आवेदन के साथ पहले, जौनपुर 5282 के साथ दूसरे, कानपुर नगर 4683 के साथ तीसरे, वाराणसी 4373 के साथ चौथे और हरदोई 4293 के साथ पांचवें स्थान पर है।
युवाओं को बिना गारंटी ऋण की सुविधा
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान का उद्देश्य शिक्षित एवं प्रशिक्षित युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर नई सूक्ष्म इकाइयां स्थापित कराना और रोजगार के अवसर पैदा करना है। न्यूनतम आठवीं पास, कौशल प्रशिक्षण प्राप्त 21 से 40 वर्ष के युवा योजना के लिए पात्र हैं। प्रथम चरण में पांच लाख रुपये तक की परियोजनाओं के लिए चार वर्ष तक बिना ब्याज और बिना गारंटी ऋण तथा 10 प्रतिशत मार्जिन मनी अनुदान का प्रावधान है।
इच्छुक युवा msme.up.gov.in पर आवेदन कर योजना का लाभ ले सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *