पूजा-पाठ के बहाने घर में घुसतीं, आभूषण लेकर हो जाती थीं फरार, 25 हजार की इनामी महिला गिरफ्तार

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण

गैंगस्टर एक्ट में थी वांछित, आजमगढ़-जौनपुर में ठगी व चोरी के पांच मुकदमे दर्ज

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। पूजा-पाठ कराने के बहाने घर में प्रवेश कर आभूषण व अन्य सामान ठगने वाले गिरोह की महिला सदस्य को गंभीरपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रही अभियुक्ता पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने सात सितंबर 2026 को 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने सोमवार को उसे आजमगढ़-मोहम्मदपुर दयालपुर मोड़ से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2025 को गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सरायपलटू गांव में तीन अज्ञात महिलाएं पूजा-पाठ कराने के बहाने एक महिला के घर में दाखिल हुई थीं। आरोप है कि पूजा-पाठ के दौरान महिलाओं ने मौका पाकर आभूषण आदि लेकर ठगी कर ली और वहां से निकल गईं। पीड़िता की तहरीर पर 12 सितंबर 2025 को गंभीरपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना में खुली गिरोह की परतें
विवेचना आगे बढ़ने पर पुलिस ने आरोपित महिलाओं की पहचान की। इसके बाद मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई और आरोप पत्र न्यायालय भेजा गया। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार महिला जौनपुर जिले के केराकत थाना क्षेत्र के ब्राह्मणपुर झमका गांव की रहने वाली है और अपने साथियों के साथ आर्थिक एवं भौतिक लाभ के लिए अपराध करती थी।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए गैंगचार्ट अनुमोदित कराया गया। इसके बाद गंभीरपुर थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसी मामले में महिला वांछित चल रही थी।
आजमगढ़-जौनपुर में पांच मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्ता के खिलाफ आजमगढ़ और जौनपुर जिलों में ठगी व चोरी से संबंधित कुल पांच अभियोग दर्ज हैं। लंबे समय से फरार चल रही महिला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी।
सोमवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दोपहर करीब 12:10 बजे आजमगढ़-मोहम्मदपुर दयालपुर मोड़ पर घेराबंदी कर अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार त्रिपाठी, कांस्टेबल सन्नी पाण्डेय, महिला कांस्टेबल अनामिका मिश्रा, कांस्टेबल दुर्गेश राय और महिला कांस्टेबल स्वाती जायसवाल शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *