लायंस क्लब आजमगढ़ ने शुरू किया वृहद वृक्षारोपण अभियान, ईशान पब्लिक स्कूल में लगाए 21 फलदार पौधे

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का लिया संकल्प, पौधरोपण के साथ संरक्षण पर भी दिया गया जोर

आजमगढ़। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए लायंस क्लब आजमगढ़ के तत्वावधान में रविवार को ईशान पब्लिक स्कूल परिसर में वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के प्रथम चरण में 21 फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब के अध्यक्ष रवि जायसवाल के नेतृत्व में हुआ। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। अध्यक्ष रवि जायसवाल ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप हरित आवरण बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्लब यह अभियान चला रहा है।

क्लब के सचिव सुनील अग्रवाल ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सतत जनजागरूकता अभियान है। आने वाले दिनों में शहर के विभिन्न स्थानों पर फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा।

ईशान पब्लिक स्कूल के निदेशक अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। विद्यालय परिवार विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम और पौधों के संरक्षण की भावना विकसित करने के लिए निरंतर जागरूकता कार्यक्रम संचालित करता रहेगा।

क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि अभियान का दूसरा चरण आगामी रविवार को शहर के किसी अन्य स्थान पर आयोजित किया जाएगा, जहां पुनः फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया जाएगा।

इस अवसर पर वरिष्ठ सदस्य सुदर्शन दास अग्रवाल, शशि भूषण अग्रवाल, संजय डालमिया, डॉ. भक्त वत्सल, सी.के. त्यागी, अभिषेक द्विवेदी, गोबिंद अग्रवाल, ओम अग्रवाल, विजय कुमार, राकेश द्विवेदी, मुकुंद अग्रवाल सहित क्लब के अनेक सदस्य एवं विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *