एक लाख रुपये की मांग, धमकी से सहमा बुजुर्ग दुकानदार, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ शहर

महिला पर लंबे समय से रुपये मांगने और दबाव बनाने का आरोप, अदालत के आदेश पर कोतवाली में मुकदमा

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। कोतवाली क्षेत्र के पहाड़पुर मोहल्ले के रहने वाले एक बुजुर्ग दुकानदार ने एक महिला पर कथित रूप से धमकाकर रुपये मांगने और रकम नहीं देने पर सामाजिक प्रतिष्ठा खराब करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर और न्यायालय के आदेश के बाद कोतवाली पुलिस ने महिला के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर के मुताबिक पहाड़पुर निवासी जहीरूद्दीन मोहल्ला तकिया में किराना की दुकान चलाते हैं। उनका आरोप है कि संबंधित महिला लंबे समय से उनकी दुकान पर आकर रुपये की मांग करती रही। महिला के कथित दबाव और धमकी के कारण वह कई बार उसे रुपये देने के लिए मजबूर होते रहे।
शिकायत के बाद भी नहीं रुका कथित दबाव
शिकायतकर्ता ने एफआईआर में आरोप लगाया है कि महिला के खिलाफ पूर्व में भी शिकायत की गई थी। पीड़ित के अनुसार उसकी पत्नी ने वर्ष 2022 में संबंधित थाने में प्रार्थना पत्र देकर महिला की ओर से परेशान किए जाने की शिकायत की थी। आरोप है कि इसके बावजूद महिला का दुकान पर आना और रुपये मांगना जारी रहा।
एक लाख रुपये की मांग का आरोप
एफआईआर में दर्ज शिकायत के अनुसार छह फरवरी 2026 को शाम करीब चार बजे महिला ने कथित तौर पर बुजुर्ग दुकानदार से एक लाख रुपये की मांग की। रकम नहीं देने पर उसकी इज्जत खराब करने तथा जान से मरवाने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने कहा कि आरोपी महिला के कथित आपराधिक संपर्कों को लेकर वह भयभीत है।
पुलिस से कार्रवाई न होने पर अदालत की शरण
पीड़ित का कहना है कि उसने मामले में कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक को भी प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली। न्यायालय में प्रस्तुत प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश के बाद कोतवाली पुलिस ने 13 सितंबर 2026 को एफआईआर दर्ज की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *