
महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में हर्षोल्लास से मना हिंदी दिवस, छात्रा के भाषण ने बटोरी तालियां; शिक्षकों ने हिंदी के प्रचार-प्रसार का लिया संकल्प हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। सिधारी स्थित महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार को हिंदी दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं ने मां सरस्वती की वंदना से की। इसके बाद कक्षा 11 की छात्रा ने हिंदी दिवस के अवसर पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।
विद्यालय की हिंदी शिक्षिका पद्मजा पाल ने हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को इसके गौरव, उपयोगिता और समृद्ध विरासत से परिचित कराया। प्रधानाचार्य शत्रुघ्न विश्वकर्मा ने हिंदी दिवस के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक वर्ष 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1949 में हिंदी को देवनागरी लिपि में भारत की राजभाषा के रूप में अपनाया गया था।
उन्होंने कहा कि हिंदी महज बातचीत का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और भावनाओं को एक-दूसरे से जोड़ने वाली भाषा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जीवन में अनुशासन लाने और स्वयं में सकारात्मक बदलाव का प्रयास करने के साथ हिंदी को उचित सम्मान और महत्व देने का आह्वान किया।
विद्यालय प्रबंधक डीपी मौर्य ने भी सभी को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हिंदी भाषा का अधिक से अधिक प्रयोग करने और इसके प्रचार-प्रसार में योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में एकेडमिक डायरेक्टर रामनयन मौर्य, कोऑर्डिनेटर आनंद मौर्य, दिनेश यादव, रामचरण मौर्य, दीपिका सिंह, मीनाक्षी अस्थाना, धीरेंद्र मोहन, शरद गुप्ता, प्रेमा यादव, आदित्य मिश्रा, अजय यादव, राहुल तिवारी, किशन यादव, आरोही मोदनवाल सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का योगदान रहा।