
अजमतगढ़ सभासद प्रतिनिधि और निलंबित कर्मचारी ने लगाए फर्जी भुगतान समेत कई गंभीर आरोप
हिंदी न्यूज़ 24
सगड़ी। सगड़ी तहसील क्षेत्र की जीयनपुर नगर पंचायत में बुधवार की शाम लोकायुक्त के निर्देश पर गठित जांच टीम पहुंची। टीम ने शिकायत में उठाए गए 12 बिंदुओं पर सत्यापन शुरू किया। जांच के दौरान नाली निर्माण कार्य और वाटर एटीएम का स्थलीय निरीक्षण किया गया। साथ ही नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी संजय जायसवाल से शिकायत से संबंधित अभिलेख और फाइलें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
अजमतगढ़ सभासद प्रतिनिधि सोहराब आलम और जीयनपुर नगर पंचायत के निलंबित कर्मचारी हरिकेश यादव ने लोकायुक्त को प्रार्थना पत्र देकर नगर पंचायत में विभिन्न कार्यों और भुगतानों में अनियमितता का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की थी। शिकायत के आधार पर गठित जांच दल में मुख्य कोषाधिकारी अरुण कुमार श्रीवास्तव और न्यायिक एसडीएम भूपाल सिंह शामिल रहे।
शिकायतकर्ताओं ने वर्ष 2011-12 से अब तक शासकीय सामग्री की कथित अवैध बिक्री व गबन, वर्ष 2016-17 से सरकारी डीजल के कथित दुरुपयोग, निजी कार्य करने वाले आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को वेतन भुगतान कर सरकारी धन के दुरुपयोग सहित कई आरोप लगाए हैं।
इसके अलावा सेवानिवृत्त लाइनमैन बहादुर और सेवानिवृत्त लिपिक एकलाख अहमद के कार्यों की जांच, कथित अवैध नियुक्ति, लाइसेंस एवं मानचित्र पर फर्जी हस्ताक्षर, नाली निर्माण और वाटर एटीएम में मानक के अनुरूप कार्य नहीं किए जाने तथा वर्ष 2017-18 से अब तक मरम्मत कार्यों में कथित फर्जी भुगतान की जांच की मांग की गई है।
जांच टीम ने दोनों पक्षों की मौजूदगी में संबंधित कार्यों के साक्ष्य मांगे और मौके पर किए गए कार्यों का सत्यापन किया। जांच अधिकारी अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जांच कार्य शुरू कर दिया गया है। सभी बिंदुओं का सत्यापन करने के बाद रिपोर्ट लोकायुक्त को भेजी जाएगी।