
DAV डिग्री कॉलेज परिसर में पटाखा खरीदने को लेकर हुआ विवाद, दोनों पक्षों ने लगाए मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप; कोतवाली में दो मुकदमे दर्ज
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। दीपावली के मौके पर शहर के डीएवी डिग्री कॉलेज परिसर में लगे पटाखा बाजार में खरीदारी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर पांच लोगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के मुताबिक, 9 नवंबर को डीएवी कॉलेज के पास सिविल लाइन क्षेत्र से पांच लोगों को हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई। इनमें प्रथम पक्ष के रितेश सोनकर उर्फ अंगद सोनकर (32) निवासी हथिया, थाना सिधारी और प्रदीप सोनकर (37) निवासी कदमघाट, कालीनगंज शामिल हैं। वहीं दूसरे पक्ष के महेंद्र गुप्ता (49), सोनू दास (37) और इशान (18) को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। महेंद्र गुप्ता और इशान रेलवे स्टेशन, सर्राफुद्दीनपुर क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि सोनू दास मूल रूप से बिहार के पूर्वी चंपारण का रहने वाला है और वर्तमान में सिधारी क्षेत्र में रह रहा है।
दोनों पक्षों की तहरीर पर अलग-अलग मुकदमे
कोतवाली पुलिस ने प्रथम पक्ष की तहरीर पर मुकदमा अपराध संख्या 573/26 के तहत बीएनएस की धारा 115(3), 110, 352, 351(3) तथा एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(1)द, 3(1)ध और 3(2)5ए के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वहीं दूसरे पक्ष की तहरीर पर मुकदमा अपराध संख्या 574/26 के तहत बीएनएस की धारा 115(2), 351(3), 352 और 110 में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
रितेश सोनकर पर पहले भी दर्ज हो चुका है मुकदमा
पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए रितेश सोनकर उर्फ अंगद सोनकर के खिलाफ वर्ष 2022 में भी कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। उस समय मारपीट, हत्या के प्रयास और घर में घुसकर हमला करने समेत विभिन्न आरोपों में मुकदमा अपराध संख्या 270/22 के तहत आईपीसी की धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में कांस्टेबल उत्सव प्रताप सिंह, अश्वनी सिंह, अवधेश सिंह और दीपक निषाद शामिल रहे। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ दर्ज मुकदमों में अग्रिम आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।