
कांखभार गांव के पिपराहा मोड़ के पास सुबह शव मिलने से जुटी ग्रामीणों की भीड़, पहचान कराने में जुटी पुलिस
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब बिलरियागंज-भीमबर मार्ग पर कांखभार गांव के पिपराहा मोड़ के समीप सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। सुबह-सुबह शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह ग्रामीण अपने दैनिक कार्यों के लिए घरों से निकले थे। इसी दौरान कुछ लोगों की नजर सड़क किनारे पड़े युवक के शव पर पड़ी। शव देखते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना बिलरियागंज पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ कर युवक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस में रखवा दिया। फिलहाल युवक की पहचान और मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ ही मामले की जांच में लगी है।
सड़क किनारे अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना और उसकी मौत के पीछे की वजह का पता लगाना है।