शाहगढ़ में दबंगई! घर पर ईंट-पत्थरों से हमला, धारदार हथियार से वार कर युवक को किया घायल

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


दो दिनों तक घर पर हमले और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, जातिसूचक गालियां देने का भी मुकदमा दर्ज, 15 नामजद और पांच अज्ञात के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत गंभीर धाराओं में एफआईआर

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के शाहगढ़ गांव में जमीन को कब्जामुक्त कराने और कथित भ्रष्टाचार व अनियमितताओं के विरोध में आवाज उठाना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। आरोप है कि इसी रंजिश में दबंगों ने दो दिनों तक उसके घर पर ईंट-पत्थरों से हमला किया। धारदार हथियार से वार कर उसे घायल कर दिया और घर का दरवाजा भी तोड़ डाला। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने जातिसूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
शाहगढ़ निवासी सुनील चौधरी पुत्र स्वर्गीय मुंशी राम ने सिधारी थाने में दी गई तहरीर में बताया कि वह गांव की भूमि को कब्जामुक्त कराने तथा कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ लगातार आवाज उठाते रहे हैं। इसी बात को लेकर कुछ लोग उनसे नाराज चल रहे थे।
तहरीर के मुताबिक, 8 नवंबर की रात करीब 10:40 बजे प्रदीप गौड़, संदीप गौड़, सुबेदार, गोना और उनके साथ आए पांच अज्ञात लोग उनके घर पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने घर पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। धारदार हथियारों से हमला किया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। हमलावरों ने घर का दरवाजा भी तोड़ दिया। पीड़ित के अनुसार, इस हमले में उनके सिर में चोट आई। घटना की सूचना रात करीब 11 बजे डायल 112 पर भी दी गई।
पीड़ित का आरोप है कि अगले दिन 9 नवंबर की सुबह करीब 8:10 बजे भी आरोपितों ने दोबारा हमला कर दिया। इस दौरान प्रदीप, संदीप, दीपक पाल, सुमित, पुनीत, मनीष, अखिलेश, गोपाल, भोनू, सोनू, इंद्रजीत, अमरजीत, चंद्रजीत समेत अन्य लोगों ने ईंट-पत्थरों और असलहों से हमला किया। इस हमले में सिर और आंख में चोट लगने तथा घर का दरवाजा तोड़े जाने का आरोप लगाया गया है।
मामले में सिधारी पुलिस ने 9 नवंबर को एफआईआर दर्ज की। प्राथमिकी में 15 नामजद और पांच अज्ञात व्यक्तियों का उल्लेख है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 352, 351(3), 324(4), 125 व 3(5) के साथ एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
एफआईआर के अनुसार, मामले की विवेचना के लिए पुलिस उपाधीक्षक शुभम तोदी को नामित किया गया है। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जानी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *