
घर से 50 हजार रुपये नकद और दो सोने की चेन भी गायब, मां की तहरीर पर जीयनपुर थाने में मुकदमा दर्ज
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। जीयनपुर थाना क्षेत्र में स्कूल जाने के लिए घर से निकली 17 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन किशोरी का कोई सुराग नहीं मिला। किशोरी की मां ने गांव के एक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया है। मां के मुताबिक, घर से 50 हजार रुपये नकद और दो सोने की चेन भी गायब हैं।
जीयनपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी बेटी दो नवंबर 2026 की सुबह करीब आठ बजे स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी देर तक बेटी के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
मां ने आरोप लगाया कि खोजबीन के दौरान पता चला कि जीयनपुर थाना क्षेत्र के मिठनपुर निवासी अविनाश पुत्र रामप्रताप उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। उन्होंने यह भी बताया कि घर से 50 हजार रुपये नकद और दो सोने की चेन भी गायब हैं। बेटी का पता नहीं चलने पर मां ने आठ नवंबर को जीयनपुर थाने पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी अविनाश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) और 87 के तहत मुकदमा अपराध संख्या 463/2026 दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक श्यामजी यादव को सौंपी गई है।