नीलगाय को बचाने में पेड़ से टकराई कार, चालक की मौके पर मौत, दो गंभीर

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


बरदह के गोठांव गांव के पास रात 9:30 बजे हुआ भीषण हादसा, दीपावली पर प्रतिमा स्थल से घर लौट रहे थे तीनों कार सवार, परिवार में मचा कोहराम

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। गंभीरपुर-मार्टीनगंज मार्ग पर बरदह थाना क्षेत्र के गोठांव गांव के पास रविवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दीपावली पर स्थापित प्रतिमा स्थल से घर लौट रहे तीनों कार सवारों की गाड़ी अचानक सामने आई नीलगाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
जानकारी के मुताबिक, गोठांव गांव निवासी बालचंद्र यादव (40) पुत्र सागर यादव, चंदन बिंद (26) पुत्र अनिल और विजय मौर्य (32) पुत्र प्रीतम रविवार को दीपावली के अवसर पर स्थापित प्रतिमा स्थल पर गए थे। रात करीब 9:30 बजे तीनों कार से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार गांव के पास पहुंची, अचानक सड़क पर नीलगाय आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद तेज रफ्तार कार सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी।
हादसे में कार सवार बालचंद्र यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चंदन बिंद और विजय मौर्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची बरदह पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जौनपुर जनपद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
बालचंद्र यादव गाड़ी चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी नीलम देवी, चार पुत्रियां और एक पुत्र हैं। परिवार की आजीविका चलाने वाले बालचंद्र की अचानक मौत से पत्नी और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *