

अतरौलिया थाना क्षेत्र के भगतपुर गांव में मिला था अज्ञात युवक का पेड़ से लटका हुआ शव, मानसिक बीमारी से जूझ रहा था मृतक, अक्सर बिना बताए चला जाता था घर से
हिंदी न्यूज़ 24
बलरामपुर। अतरौलिया थाना क्षेत्र के भगतपुर गांव में गुरुवार शाम पेड़ से रस्सी के सहारे लटकता मिले युवक के शव की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान अंबेडकरनगर जिले के राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के घिनहापुर उर्फ घिनहापोखरा निवासी अंकित यादव (28) पुत्र स्व. इंद्रभान यादव के रूप में हुई है। अंकित करीब एक सप्ताह से लापता था।
भीखपुर गांव निवासी दयानंद यादव ने पुलिस को बताया कि अंकित उनकी बुआ का बेटा था और बचपन से उनके घर पर रहता था। वह करीब 15-16 वर्षों से मानसिक बीमारी से पीड़ित था और गोरखपुर में उसका इलाज चल रहा था। मानसिक स्थिति ठीक न रहने के कारण वह अक्सर बिना बताए घर से चला जाता था। वर्ष 2024 में भी उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। हालांकि, कुछ दिन बाद वह वापस लौट आया था।
सोशल मीडिया से मिली शव मिलने की जानकारी
इस बार भगतपुर गांव में युवक का शव मिलने की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से परिजनों तक पहुंची। परिजन थाने पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें शव की फोटो, कपड़े और चप्पल दिखाई। इन्हीं के आधार पर परिजनों ने शव की पहचान अंकित के रूप में की। बाद में आजमगढ़ के मर्चरी हाउस में भी परिजनों ने शव की शिनाख्त की।
अंकित की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मां गिरिजा देवी और भाई अमित यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने सहित आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।