दहेज प्रताड़ना के बाद तीन तलाक देने का आरोप, पति समेत आठ पर मुकदमा

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण

मारपीट कर घर से निकाला, अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी का भी आरोप; पुलिस ने शुरू की जांच


आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र में एक विवाहिता ने पति और उसके परिजनों पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने, मारपीट करने, तीन तलाक देने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति समेत आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शेरपुर गांव निवासी विवाहिता की शादी 1 मार्च 2020 को मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि शादी में करीब 50 तोला चांदी, एक तोला सोना, मोटरसाइकिल, गृहस्थी का सामान, नकदी और अन्य उपहार दिए गए थे। शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया गया।


पीड़िता का आरोप है कि ससुराल वालों ने शादी में मिले जेवर बेचकर मकान और कार खरीदी तथा विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा।


विवाहिता ने तहरीर में आरोप लगाया कि 26 जुलाई 2026 को पति ने उसे बच्ची सहित तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। विरोध करने पर ससुराल पक्ष के अन्य लोगों ने भी मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग पहुंचे तो उनके साथ भी अभद्रता और धमकी दी गई।


देवगांव पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर पति समेत आठ आरोपियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धमकी और तीन तलाक सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *