आजमगढ़ में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पिता ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


महावी खास गांव में सुबह घर के कमरे में मिली 27 वर्षीय शिवांगी की मौत की खबर से मचा हड़कंप, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। महराजगंज थाना क्षेत्र के महावी खास गांव में शुक्रवार सुबह 27 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान शिवांगी सिंह पत्नी राहुल सिंह के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं, मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर बेटी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
मृतका के पिता विनोद कुमार सिंह के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 6:18 बजे उनके समधी वीरेंद्र सिंह ने फोन कर शिवांगी की मौत की सूचना दी। जानकारी मिलते ही वह परिजनों के साथ महावी खास गांव पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
शरीर पर चोट के निशान होने का आरोप
पिता का आरोप है कि शिवांगी के शरीर पर चोट के निशान थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मायके पक्ष और पुलिस को सूचना देने से पहले ही शव को पंखे से नीचे उतारकर बरामदे में रख दिया गया था। जिस कमरे में घटना हुई, उसे भी व्यवस्थित कर दिया गया। इन आरोपों के बाद विवाहिता की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
दो साल पहले हुई थी शादी
परिजनों के मुताबिक शिवांगी की शादी करीब दो वर्ष पहले राहुल सिंह के साथ हुई थी। रक्षाबंधन के अवसर पर वह मायके से विदा होकर ससुराल आई थी। शुक्रवार सुबह उसकी मौत की खबर मिलने के बाद मायके में कोहराम मच गया।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। सीओ सगड़ी देशराज सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने परिजनों से भी घटना के संबंध में पूछताछ की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
सीओ सगड़ी देशराज सिंह ने बताया कि शव को विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस विवाहिता की मौत के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतका के पिता की ओर से लगाए गए हत्या के आरोपों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *