
12 नवंबर को तय थी शादी, चाचा की बेटी के साथ अहरौला आई थी युवती; पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र में शादी से महज चार दिन पहले एक युवती के अचानक लापता होने से परिवार में हड़कंप मच गया है। 12 नवंबर को उसकी शादी तय थी। शादी की तैयारियों के बीच वह चाचा की बेटी के साथ शादी का सामान खरीदने अहरौला आई थी। इसी दौरान होने वाले पति से मिलने की बात कहकर निकली युवती वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, अहरौला थाना क्षेत्र निवासी युवती की शादी 12 नवंबर को तय थी। आठ नवंबर को वह अपने चाचा की बेटी के साथ शादी का सामान खरीदने अहरौला आई थी। इसी दौरान उसने साथ आई युवती से कहा कि वह अपने होने वाले पति से मिलने जा रही है। इसके बाद दोपहर करीब दो बजे वह वहां से चली गई, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं पहुंची।
युवती के अचानक गायब होने से परिजन परेशान हो उठे। परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद पिता ने अहरौला थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी और बेटी को खोजने की गुहार लगाई।
पुलिस ने पिता की शिकायत पर मुकदमा अपराध संख्या 349/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 87 में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक पवन कुमार शुक्ला को सौंपी गई है। शादी से ठीक पहले युवती के लापता होने की घटना को लेकर परिवार में चिंता का माहौल है।