अहरौला में घर की छत से घुसे चोर, लाखों के जेवरात और नकदी चोरी

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण


रात में कमरे के बाहर से बंद कर दिया दरवाजा, खंगाल डाले दो कमरे; सूचना पर पहुंची पुलिस ने शुरू की जांच
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के भंवरूपुर गांव में 14-15 अगस्त की रात चोरों ने एक घर को निशाना बना लिया। चोर पश्चिम दिशा से छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और नीचे उतरकर कमरों में रखा सामान खंगाल डाला। घटना के दौरान घर में सो रहे एक युवक के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया गया। सुबह करीब 1:45 बजे युवक ने फोन कर अपने पिता को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद परिवार को चोरी की घटना का पता चला।
रुद्रेश राय की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार, रात करीब 12 बजे से दो बजे के बीच चोर छत के रास्ते घर में घुसे। घर के एक कमरे में सो रहे उनके बेटे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया गया था। रुद्रेश राय ने घर के पश्चिमी हिस्से में जाकर देखा तो खिड़की खुली मिली। आसपास के लोगों को बुलाकर खिड़की के रास्ते घर का मुख्य दरवाजा और बेटे के कमरे का दरवाजा खोला गया।
घर के अंदर पहुंचने पर बड़ी बहू के कमरे और मालिकाना कमरे में रखे बक्से, गोदरेज की अलमारी आदि टूटे मिले। सामान बिखरा पड़ा था और कीमती जेवरात तथा नकदी गायब थी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सोने-चांदी के आभूषण समेत नकदी चोरी
एफआईआर में चोरी हुए सामान में करीब 35 ग्राम का सोने का हार, 17 ग्राम का एक अन्य हार, आठ ग्राम की दो अंगूठियां, 22 ग्राम की सोने की चेन, 10 ग्राम का कानफूल, आठ ग्राम के दो झाला, 10 ग्राम की नथिया, पांच ग्राम की मांगटीका समेत चांदी के कड़े, करधन और पायल आदि का उल्लेख किया गया है। इसके अलावा घर में रखी नकदी भी चोरी होने की बात कही गई है।
अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
अहरौला थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 305 और 331(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एफआईआर के मुताबिक मामले की जांच उपनिरीक्षक पवन कुमार शुक्ला को सौंपी गई है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *