
नाबालिग लड़कियों से बॉडी मसाज कराने और देह व्यापार की शिकायत पर हुई कार्रवाई, दो कर्मचारी मिले मौजूद
हिंदी न्यूज़ 24
सगड़ी (आजमगढ़)। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदाबाद चुनुगपार मोड़ स्थित एक स्पा सेंटर पर रविवार को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की टीम ने अचानक छापेमारी की। शिकायत के आधार पर की गई कार्रवाई के दौरान टीम को मौके पर कोई अनैतिक गतिविधि नहीं मिली। हालांकि, स्पा सेंटर में मसाज के लिए प्रशिक्षित कर्मचारी और अग्निशमन की व्यवस्था नहीं पाई गई।
मोहम्मदाबाद चुनुगपार मोड़ के पास विस्तारा नाम से स्पा सेंटर संचालित है। सेंटर के बाहर बॉडी मसाज का बोर्ड लगा हुआ है। आरोप है कि यहां नाबालिग लड़कियों से बॉडी मसाज कराया जाता है और इसकी आड़ में देह व्यापार का धंधा संचालित किया जाता है। इसी संबंध में 25 अगस्त को एक ग्रामीण ने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर शिकायत की थी।
शिकायत को संज्ञान में लेते हुए 1098 टीम के उप निरीक्षक उमेश कुमार और संजय शाही ने रविवार को सेंटर पर छापेमारी की। टीम के पहुंचने पर वहां दो कर्मचारी मौजूद मिले। जांच में दोनों बालिग पाए गए। अधिकारियों के अनुसार, मौके पर कोई नाबालिग लड़की नहीं मिली और न ही कोई अनैतिक गतिविधि सामने आई।
जांच के दौरान स्पा सेंटर में मसाज के लिए प्रशिक्षित कर्मचारी भी नहीं मिला। इसके अलावा अग्निशमन सुरक्षा के इंतजाम भी नहीं पाए गए। टीम ने सेंटर की व्यवस्थाओं की जांच की और शिकायत से संबंधित बिंदुओं की जानकारी जुटाई।
नगर पंचायत क्षेत्र में अन्य स्थानों पर भी मसाज सेंटर की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित किए जाने की शिकायत के संबंध में संजय शाही ने कहा कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी टीम में उप निरीक्षक उमेश कुमार और संजय शाही के अलावा मोनी राय, हेड कांस्टेबल रामजन्म और प्रदीप पांडेय शामिल रहे।