
निफा और नीमा ने जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में लगाया स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, लोगों से रक्तदान के लिए जागरूक करने की अपील
आजमगढ़। नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट एंड एक्टिविस्ट (निफा) और नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) आजमगढ़ की ओर से शिक्षक स्व. धर्मदेव सिंह की तीसरी पुण्यतिथि पर जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर में शिक्षक के दोनों पुत्रों समेत 70 लोगों ने रक्तदान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्व. धर्मदेव सिंह के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद रक्तदान शिविर का शुभारंभ हुआ। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों के साथ निफा और नीमा से जुड़े चिकित्सकों ने भी स्वेच्छा से रक्तदान किया।

शिविर के को-ऑर्डिनेटर डॉ. डीडी सिंह ने कहा कि रक्तदान महादान है। धीरे-धीरे लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ रही है, लेकिन आज भी कई लोग रक्तदान करने से डरते हैं। ऐसे लोगों को जागरूक करना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचना चाहिए, क्योंकि समय पर रक्त मिलने से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है।
उन्होंने कहा कि उनके पिता की इच्छा थी कि कोई मरीज खून के अभाव में दम न तोड़े। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए उनकी पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है, ताकि जरूरतमंद मरीजों की मदद की जा सके।
निफा अध्यक्ष डॉ. अजीम अहमद ने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को चिकित्सकीय मानकों के अनुसार नियमित अंतराल पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। इससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। उन्होंने लोगों से रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
नीमा कोषाध्यक्ष डॉ. मनीष चौबे ने शिविर को महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि भविष्य में भी संगठन की ओर से इस तरह के सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
शिविर में डॉ. डी.डी. सिंह, डॉ. मुरलीधर सिंह, रवींद्र प्रताप सिंह, संतोष राय, शिवानंद पांडेय, डॉ. प्रेम प्रकाश राय, डॉ. दीपक शर्मा, डॉ. रविंद्र यादव, डॉ. मनीष चौबे, डॉ. प्रवीण कुमार सिंह, गौरव मयंक गुप्ता, मिर्जा तकी बेग, अमान हसन, अब्दुर्रहमान, हर्ष कुमार, फरहान जाकी, जगत वर्मा, संजय यादव, धर्मशील, डॉ. अभिषेक यादव और दीपक यादव समेत 70 लोगों ने रक्तदान किया।
शिविर को सफल बनाने में डॉ. अजीम अहमद, डॉ. इमरान अहमद, डॉ. संतोष कुमार सिंह, डॉ. उमेश पांडेय, डॉ. अबुल बशर, ब्लड बैंक के डॉ. अनिल कुमार, सुबाष चंद पांडेय, डॉली पांडेय सहित ब्लड बैंक के कर्मचारियों का सहयोग रहा।