
दो परिवारों के कमरों के दरवाजे बाहर से किए बंद, लाखों के जेवरात और 2.30 लाख रुपये समेट ले गए चोर
आजमगढ़। थाना क्षेत्र के भकवरपुर गांव में 14-15 अगस्त की रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। दोनों घटनाओं में चोर छत के रास्ते घरों में दाखिल हुए और कमरों के दरवाजे बाहर से बंद कर वारदात को अंजाम दिया। चोर दोनों घरों से लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। पीड़ितों की सूचना पर पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
भकवरपुर निवासी प्रभात राय के मुताबिक रात में खाना खाने के बाद परिवार के लोग सो गए थे। रात करीब 12 बजे चोर घर के पीछे बने लॉर्टिंग रूम के सहारे छत पर चढ़ गए। छत पर लगे दरवाजे को तोड़कर घर में दाखिल होने के बाद चोरों ने चारों कमरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए। इसके बाद कमरों में रखे बक्से और अलमारियों के ताले तोड़कर जेवरात और नकदी समेट ली।
पीड़ित के अनुसार चोर 10 सोने की अंगूठियां, पांच सोने की अंगूठियां, एक नथिया, एक मांगटीका, एक हार, दो सोने की चूड़ियां, नौ सोने की ईयर रिंग, एक सोने की चेन और चांदी की तीन पाजेब के साथ करीब 1.50 लाख रुपये नकद ले गए। रात में बच्चे के खांसने की आवाज से पीड़ित की नींद खुली तो कमरे का दरवाजा बंद मिला। बाद में पीछे के दरवाजे से बाहर निकलने पर घर के कमरों के ताले टूटे और सामान बिखरा मिला। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची।
इसी रात गांव के ही रूद्रेश राय के घर में भी चोरों ने धावा बोला। रूद्रेश राय के अनुसार रात करीब 12 बजे से दो बजे के बीच चोर घर के पीछे से छत पर चढ़े और छत से नीचे उतरकर घर में घुस गए। उनका बेटा एक कमरे में सो रहा था। चोरों ने उसके कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। उनकी पत्नी के कमरे के दरवाजे पर भी बाहर से ताला लगा दिया।
रात करीब 1:45 बजे बेटे ने फोन कर बताया कि उसका दरवाजा बाहर से बंद है। जांच करने पर घर के पश्चिमी हिस्से में खिड़की खुली मिली। गांव के लोगों के पहुंचने के बाद घर के अंदर जाकर देखा गया तो बड़ी बहू और मकान मालकिन के कमरे में सामान बिखरा था। बक्से और अलमारी तोड़कर चोर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी ले गए थे।
इस घटना में करीब 35 ग्राम का सोने का हार, चांदी के दो कड़े, चांदी की करधन, 17 ग्राम का सोने का हार, सोने की अंगूठियां, पायल, चांदी की थाली-पान सोपाड़ी, सोने की सिकड़ी, कनफूल, झाला, नथिया और मांगटीका समेत कई जेवर चोरी हुए हैं। इसके अलावा अलमारी में रखी नकदी भी चोर ले गए।
एक ही रात गांव में दो घरों में चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है। दोनों पीड़ितों ने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। दोनों मामलों की विवेचना उपनिरीक्षक पवन कुमार शुक्ला को सौंपी गई है। पुलिस चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।