
तीन नामजद आरोपियों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा
जीयनपुर। मोहम्मदपुर कोड़रा गांव में रास्ता रोकने के विवाद को लेकर महिला के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता चंती देवी ने गांव के ही तीन लोगों पर रास्ता रोककर गालीगलौज, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर जीयनपुर थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पीड़िता के अनुसार वह मोहम्मदपुर कोड़रा गांव की रहने वाली है। आरोप है कि उसके पट्टीदार किशन पुत्र राजेश, आकाश पुत्र राजेश और मंशा पत्नी राजेश ने आपस में साजिश कर उसके परिवार और अन्य लोगों के आने-जाने वाले रास्ते को जबरन रोक दिया था। चार जून की रात करीब 9:20 बजे जब चंती देवी ने रास्ता रोकने का कारण पूछा तो तीनों ने कथित रूप से गालीगलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि इसके बाद तीनों ने लात-मुक्कों और लाठी-डंडे से महिला की पिटाई कर दी। मारपीट में उसके हाथ में गंभीर चोट आई और हाथ टूट गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना के समय घर पर कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिसका आरोपियों ने फायदा उठाया। इसके बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते रहे।
पीड़िता का कहना है कि उसने घटना की सूचना स्थानीय थाने में दी, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक को भी प्रार्थना पत्र भेजा। कार्रवाई न होने पर उसने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश के बाद जीयनपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 352, 351(3) और 117(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक जफर खान को सौंपी गई है।