बाइक खड़ी कर शौच के लिए जा रहे युवक को स्कूटी ने मारी टक्कर, मौत

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण


जीयनपुर-खलीसा मार्ग पर अमुआरी पेट्रोल पंप के पास हादसा, इसी साल मई में हुई थी शादी; पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के जीयनपुर-खलीसा मार्ग पर अमुआरी पेट्रोल पंप के पास बुधवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित स्कूटी की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। युवक बाइक खड़ी कर शौच के लिए सड़क किनारे जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही स्कूटी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों ने टेंपो से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बनकटिया गांव निवासी रमाशंकर पाल (32) पुत्र गिरधारी पाल करीब 10 दिन पहले बाहर से काम करके घर लौटा था। बुधवार को वह बाइक से फरीदपुर स्थित अपनी मौसी के घर जा रहा था। दिन में करीब 11:30 बजे अमुआरी पेट्रोल पंप के पास उसने बाइक सड़क किनारे खड़ी की और शौच के लिए जाने लगा। इसी दौरान सामने से आई अनियंत्रित स्कूटी ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही रमाशंकर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उसे टेंपो से आजमगढ़ जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही जीयनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के चचेरे भाई राहुल पुत्र पल्कधारी ने अज्ञात स्कूटी चालक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर धारा 281 और 106(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मई में हुई थी शादी, घर में मचा कोहराम
रमाशंकर की शादी इसी वर्ष मई में पूनम से हुई थी। वह दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी पूनम बदहवास हो गई, जबकि मां सरस्वती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में शादी के कुछ ही महीने बाद मातम पसरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *