मकान-दुकान में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और चोरी; छह महिलाएं गिरफ्तार

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण


कमरे में महिला को बंधक बनाकर पीटने का आरोप, निशानदेही पर चोरी के 75 सामान बरामद

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। फूलपुर थाना क्षेत्र में मकान और किराना दुकान में जबरन घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और चोरी करने के मामले में पुलिस ने छह महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित महिलाओं ने एक महिला को कमरे में बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट भी की थी। गिरफ्तार महिलाओं की निशानदेही पर पुलिस ने मकान और किराना दुकान से चोरी किए गए 75 सामान बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, ग्राम जफरचक, थाना सरायमीर निवासी महिला ने 12 सितंबर को फूलपुर थाने में तहरीर दी थी। आरोप लगाया गया कि विपक्षी महिलाएं एकराय होकर लाठी-डंडा, रॉड, हथौड़ा और ड्रिल मशीन आदि लेकर उसकी बहन के मकान और किराना दुकान में जबरन घुस गईं। आरोप है कि इस दौरान मारपीट और तोड़फोड़ करने के साथ दुकान व मकान से सामान भी चोरी कर लिया गया। इसी दौरान एक महिला को कमरे में बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया।

तहरीर के आधार पर फूलपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 280/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान मुकदमे में धारा 317(2) और 61(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई।

एसएसपी आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 13 सितंबर को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपित महिलाओं सुषमा प्रजापति और अंजनी मालिन को ब्लॉक फूलपुर से गिरफ्तार किया। वहीं सुनीता, शान्ति देनी, इन्द्रावती और माधुरी मौर्या को जगदीशपुर से पकड़ा गया।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार सभी छह महिलाओं की निशानदेही पर मकान और किराना दुकान से चोरी किए गए 75 सामान बरामद किए गए हैं। सभी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्ता सुषमा प्रजापति के खिलाफ फूलपुर थाने में पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं। अन्य गिरफ्तार महिलाओं के संबंध में पुलिस ने कोई अन्य आपराधिक इतिहास उपलब्ध नहीं कराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *