मार्टिनगंज में सुभासपा का सामाजिक समरसता कार्यकर्ता सम्मेलन, डॉ. अरविंद राजभर ने सपा पर साधा निशाना

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण राजनीत


केवी इंटर कॉलेज, मार्टिनगंज में सुभासपा का सामाजिक समरसता कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित


आजमगढ़। मार्टिनगंज स्थित केवी इंटर कॉलेज प्रांगण में रविवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के तत्वावधान में सामाजिक समरसता कार्यकर्ता सम्मेलन एवं रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव अरविंद राजभर तथा विशिष्ट अतिथि विधायक बेदी राम का कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया।


कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय महासचिव (व्यापार प्रकोष्ठ) एवं दीदारगंज विधानसभा प्रभारी शैलेंद्र सिंह ‘गुड्डू’ ने किया। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने सम्मेलन को सफल बनाया। सम्मेलन का शुभारंभ महाराजा सुहेलदेव के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर शैलेंद्र सिंह गुड्डू ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।


सभा को संबोधित करते हुए डॉ. अरविंद राजभर ने कहा कि महाराजा सुहेलदेव के आशीर्वाद से पार्टी लगातार आगे बढ़ रही है और आने वाले समय में आजमगढ़ की जनता समाजवादी पार्टी के घमंड को तोड़ने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ किसी दल का नहीं, बल्कि जनता का गढ़ है। उन्होंने जिले की खराब सड़कों, बेरोजगारी और अन्य जनसमस्याओं का मुद्दा उठाते हुए सपा पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि पार्टी प्राथमिक विद्यालयों में संविधान की शिक्षा लागू कराने, बच्चों के बस्तों में थाली-गिलास ले जाने की व्यवस्था समाप्त करने तथा प्रदेश में शराबबंदी लागू करने की मांग को लेकर प्रयासरत है। साथ ही उन्होंने कहा कि युवा उद्यमी योजना के माध्यम से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है और भविष्य में तहसील एवं विधानसभा स्तर पर उद्योग स्थापित कर पलायन रोकने का प्रयास किया जाएगा।


विधायक बेदी राम ने कहा कि भारी बारिश के बावजूद सम्मेलन में उमड़ी भीड़ इस बात का संकेत है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में दीदारगंज सीट पर सुभासपा मजबूत स्थिति में होगी।


कार्यक्रम की अध्यक्षता मोहन राजभर तथा संचालन प्रहलाद राजभर ने किया। सम्मेलन में प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ‘पप्पू’, संजय सिंह, अतुल सिंह, राणा प्रताप सिंह, आलोक राजभर, अरविंद सिंह मखड़ू, जसवंत सिंह, प्रशांत सिंह, रिशु सिंह, अनुपम सिंह ‘लकी’, शेखर गुप्ता, फागू यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र एसडीएम मार्टिनगंज बलराम गुप्ता, नायब तहसीलदार अरुण कुमार कोल, थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव, चौकी प्रभारी मानवेंद्र सिंह तथा पुलिस बल तैनात रहा।


कार्यक्रम के उपरांत मार्टिनगंज बाजार के जैगहा मोड़ पर पार्टी कार्यालय का उद्घाटन डॉ. अरविंद राजभर ने फीता काटकर किया। सम्मेलन में लोकगीत कलाकार वीरेंद्र चौहान ‘निरहू’ टीम ने लोकगीतों के माध्यम से कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *