शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, अलम की ऊंचाई कम रखने की अपील

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण

सावन और चेहल्लुम को लेकर फूलपुर कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक

आजमगढ़। सावन माह के सोमवार और चेहल्लुम पर्व के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से फूलपुर कोतवाली परिसर में बुधवार को पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने की। इसमें दोनों पर्वों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी उपद्रवी तत्व द्वारा माहौल खराब करने या कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने का प्रयास किया गया तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने चेहल्लुम जुलूस के दौरान अलम की ऊंचाई कम रखने की अपील की, ताकि बिजली के तारों से टकराने जैसी दुर्घटनाओं से बचा जा सके। साथ ही, जुलूस मार्गों पर जलजमाव की समस्या होने पर मिट्टी डालकर रास्तों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए, जिससे श्रद्धालुओं और जुलूस में शामिल लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में एसएसआई विजय गौड़, योगेंद्र निषाद, रानी साहू, अयाज खान, आशीष, अरशद, जौखु, सुरेश गुप्ता, शिव प्रकाश मिश्रा, अजीज खान, रबिंद यादव, नदीम सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *