मुहम्मदपुर और तहबरपुर के दो बस हादसों की होगी मजिस्ट्रियल जांच

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर


2009 में साइकिल सवार और 2024 में होमगार्ड जवान की हुई थी मौत, 26 सितंबर शाम पांच बजे तक एसडीएम निजामाबाद कार्यालय में दे सकेंगे साक्ष्य

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। जिले में अलग-अलग समय पर हुए दो बस हादसों की मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी गई है। जिला मजिस्ट्रेट ने दोनों मामलों की जांच के लिए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी निजामाबाद अयान जैन को जांच अधिकारी नामित किया है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के पास इन घटनाओं से संबंधित कोई जानकारी या साक्ष्य है तो वह जांच अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कर सकता है।
2009 में मुहम्मदपुर के पास हुआ था हादसा
पहली घटना 19 फरवरी 2009 की है। वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर संचालित वाहन संख्या यूपी-50 एफ/2353 से मुहम्मदपुर के निकट दोपहर करीब 12:30 बजे एक साइकिल सवार की बस से टक्कर हो गई थी। हादसे में साइकिल सवार की मौत हो गई थी। मामले की जांच के लिए जिला मजिस्ट्रेट ने तत्कालीन उप जिलाधिकारी निजामाबाद को जांच अधिकारी नामित किया था। वर्तमान में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम निजामाबाद अयान जैन प्रकरण की जांच कर रहे हैं।
तहबरपुर में 2024 में गई थी होमगार्ड की जान
दूसरी घटना 21 मई 2024 की है। तहबरपुर थाना क्षेत्र के निकट करीब तीन बजे निगम बस, आजमगढ़ क्षेत्र/आजमगढ़ डिपो के वाहन संख्या यूपी-78 एसटी/4330 से हुई टक्कर में होमगार्ड जवान बृजेश सिंह पुत्र स्व. शिवसहाय सिंह, निवासी ऐराकला, थाना तरवां, आजमगढ़ की मृत्यु हो गई थी। इस घटना की भी मजिस्ट्रियल जांच के लिए उप जिलाधिकारी निजामाबाद को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
26 सितंबर तक दे सकेंगे साक्ष्य
प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, दोनों घटनाओं के संबंध में यदि किसी व्यक्ति को कुछ कहना है अथवा कोई साक्ष्य प्रस्तुत करना है तो वह 26 सितंबर 2026 की शाम पांच बजे तक किसी भी कार्य दिवस में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी निजामाबाद के न्यायालय अथवा कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष या साक्ष्य प्रस्तुत कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *