आठों तहसीलों के लेखपाल और 16 नगर निकायों के अधिकारी हुए शामिल, आंकड़ों की शुद्धता व गुणवत्ता पर दिया गया जोर
आजमगढ़। जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (डीसीएचबी) के अंतर्गत ग्राम निर्देशिका एवं नगर निर्देशिका की अनुसूचियों को भरने के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। प्रशिक्षण में जनपद की सभी आठों तहसीलों से नामित लेखपालों तथा 16 नगर निकायों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गंभीर सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण किसी भी नई प्रक्रिया को समझने और उसे प्रभावी ढंग से लागू करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का उपयोग करते हुए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और शुद्धता के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ग्राम एवं नगर निर्देशिका की अनुसूचियों के सही, सटीक और गुणवत्तापूर्ण संकलन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि आंकड़ों के संकलन में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर अपर जिला जनगणना अधिकारी एवं जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ने कहा कि जनगणना से जुड़े प्रत्येक कार्य में आजमगढ़ को उत्कृष्ट स्थान दिलाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रविष्टि की गुणवत्ता, शुद्धता और विश्वसनीयता सुनिश्चित की जाए, क्योंकि जनगणना के आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार होते हैं।