
कोर्ट के आदेश पर फूलपुर कोतवाली में दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
आजमगढ़। विदेश भेजकर अच्छी कमाई कराने का झांसा देकर युवक से एक लाख 30 हजार रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रुपये लेने के बाद युवक को फर्जी वीजा थमा दिया गया। विरोध करने और रुपये वापस मांगने पर गाली-गलौज के साथ जान से मारने की धमकी दी गई। न्यायालय के आदेश पर फूलपुर कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फूलपुर थाना क्षेत्र के मुहल्ला संत कबीर नगर वार्ड नंबर दो निवासी दिलीप सोनकर ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उसके परिचित ओसामा ने उसके भाई को विदेश दुबई भेजकर अच्छी कमाई कराने का भरोसा दिया। वीजा और पासपोर्ट संबंधी प्रक्रिया के नाम पर उससे अलग-अलग किस्तों में कुल एक लाख 30 हजार रुपये लिए गए।आरोप है कि रुपये लेने के बाद दिलीप के भाई का मेडिकल परीक्षण लखनऊ में कराया गया और बाद में वीजा उपलब्ध कराया गया। टिकट भी दिया गया, लेकिन यात्रा से पहले टिकट निरस्त होने की जानकारी मिली। इसके बाद दूसरा टिकट देने की बात कही गई। कई बार तारीख बदलने और टालमटोल के बाद जब वीजा की जांच कराई गई तो उसके फर्जी होने की बात सामने आई।
पीड़ित का आरोप है कि रुपये और पासपोर्ट वापस मांगने पर आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों से किए जाने के बाद कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर फूलपुर कोतवाली पुलिस ने ओसामा और इस्माइल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।