टेलीग्राम पर अश्लील वीडियो बेचने वाला युवक गिरफ्तार

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


‘Lolly Seller’ नाम से चला रहा था चैनल, मोबाइल और 2530 रुपये नकद बरामद


आजमगढ़। टेलीग्राम चैनल के माध्यम से अश्लील फोटो और वीडियो बेचकर ऑनलाइन रुपये कमाने के आरोप में साइबर सेल और जीयनपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के मोबाइल फोन से आपत्तिजनक सामग्री, टेलीग्राम चैट और ऑनलाइन लेन-देन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिलने का दावा पुलिस ने किया है।
पुलिस के अनुसार, साइबर सेल को सोशल मीडिया के माध्यम से अश्लील सामग्री बेचे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर जीयनपुर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए चंगईपुर तिराहा स्थित डॉ. रामनरेश कॉलेज के सामने से एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश चौहान निवासी स्वरूपपुर अमुवारी नारायणपुर, थाना जीयनपुर के रूप में हुई।
पुलिस का दावा है कि मोबाइल फोन की जांच में टेलीग्राम चैनलों के जरिए अश्लील फोटो और वीडियो बेचने तथा ऑनलाइन भुगतान प्राप्त करने से संबंधित साक्ष्य मिले। पूछताछ में आरोपी ने ‘Lolly Seller’ नाम से टेलीग्राम चैनल संचालित करने की बात स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक आरोपी विभिन्न टेलीग्राम ग्रुपों में वीडियो और फोटो के स्क्रीनशॉट भेजकर ग्राहकों से संपर्क करता था और करीब 400 रुपये प्रति वीडियो के हिसाब से सामग्री बेचता था। भुगतान ऑनलाइन माध्यम से लिया जाता था। इंटरनेट से वीडियो डाउनलोड कर एडिट करने और ग्राहकों को उपलब्ध कराने की बात भी सामने आई है।
पुलिस ने आरोपी के पास से ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल फोन और 2530 रुपये नकद बरामद किए हैं। जीयनपुर थाने में संबंधित धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *