
एसआईआर रद्द करने और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग, कुंवर सिंह उद्यान से जिला मुख्यालय तक निकाला मार्च हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, एसआईआर को रद्द करने तथा एसआईआर के बाद बनी कथित अवैध सरकारों को भंग करने की मांग को लेकर भाकपा-माले कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को आजमगढ़ में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कुंवर सिंह उद्यान से मार्च निकालकर जिला मुख्यालय पहुंचकर सभा की।
मार्च कुंवर सिंह उद्यान से शुरू होकर नेहरू हाल होते हुए जिला मुख्यालय पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ता हाथों में बैनर और नारे लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो”, “एसआईआर रद्द करो”, “वोट चोर कहां मिलेंगे, बीजेपी के दफ्तर में” समेत कई नारे लगाए।
जिला मुख्यालय पहुंचने के बाद मार्च सभा में तब्दील हो गया। सभा को संबोधित करते हुए भाकपा-माले के वरिष्ठ नेता एवं अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष कामरेड जयप्रकाश नारायण ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर देश में सवाल उठ रहे हैं और एसआईआर के माध्यम से गरीब तथा वंचित लोगों को उनके मताधिकार से वंचित करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की आड़ में लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो लोग अपने हक, अधिकार और वोट को बचाने के लिए आवाज उठा रहे हैं, उनके खिलाफ दमन किया जा रहा है। सोशल एक्टिविस्ट से लेकर पत्रकारों तक पर हमले जारी हैं।
कामरेड जयप्रकाश नारायण ने कहा कि “यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाया नहीं जाता।” उन्होंने एसआईआर को तत्काल रद्द करने की मांग भी दोहराई।
प्रदर्शन में भाकपा-माले के जिला प्रभारी कामरेड विनोद सिंह, कामरेड रामजीत प्रजापति, कामरेड बसंत, कामरेड सुदर्शन राम, कामरेड जमुना प्रजापति, कामरेड हवलदार राम, कामरेड रामकृष्ण यादव, कामरेड लालचंद निषाद, कामरेड हरिश्चंद्र राजभर, कामरेड शिवम गिरी, कामरेड राममूरत चौहान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।