
जिले के उच्च शिक्षण संस्थानों को 21,600 पौधे लगाने का मिला लक्ष्य
आजमगढ़। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ थीम पर चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत रविवार को शिब्ली नेशनल कॉलेज परिसर में पौधारोपण किया गया। उच्च शिक्षा विभाग के जनपदीय नोडल अधिकारी एवं कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अफसर अली ने पौधा लगाकर अभियान का शुभारंभ किया।
इस मौके पर प्राचार्य प्रो. अफसर अली ने शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण की मुहिम से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन के साथ ही भावी पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य के लिए बेहद जरूरी हैं। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति संरक्षण के साथ मातृ सम्मान की भावना को भी मजबूत करने वाला प्रेरणादायी प्रयास है।
प्रदेश सरकार ने इस वर्ष 35 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी क्रम में आजमगढ़ जिले के उच्च शिक्षा विभाग को 21,600 पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है। जिले के उच्च शिक्षण संस्थानों के बीच समन्वय के लिए शिब्ली नेशनल कॉलेज को नोडल महाविद्यालय बनाया गया है। अभियान के जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी प्रो. अफसर अली और नोडल प्रभारी डॉ. शफ़िउज़्ज़मा बनाए गए हैं।
अभियान के तहत जिले के सभी 22 विकास खंडों के विभिन्न महाविद्यालयों में वृहद स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रॉक्टर डॉ. एहतेशामुल हक, डॉ. अबु राफ़े, डॉ. बदीउज़्ज़मा, डॉ. आसिम ख़ान, डॉ. ज़फ़र आलम, डॉ. नवी हसन और नसीम ख़ान समेत अन्य शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे।