

शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश, साइबर थाना से लेकर महिला हेल्प डेस्क तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा, पुलिस बल के साथ कस्बे में की पैदल गश्त हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने शनिवार को थाना समाधान दिवस के अवसर पर थाना रानी की सराय में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान नायब तहसीलदार सदर अग्निवेश मिश्रा भी मौजूद रहे। एसएसपी ने संबंधित राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर आपसी समन्वय के साथ उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों की समस्याओं का नियमानुसार प्रभावी समाधान किया जाए और किसी भी शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता बरतने तथा पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने पर जोर दिया।

थाने की व्यवस्थाओं का किया औचक निरीक्षण
थाना समाधान दिवस के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाना रानी की सराय का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साइबर थाना, साइबर सेल, थाने की साइबर सेल, महिला हेल्प डेस्क, आवासीय बैरक, निर्माणाधीन भवन और नवीन भवन के बेसमेंट सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने जनशिकायतों के निस्तारण की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव करने, शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा थाना परिसर में साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
पुलिस बल के साथ कस्बे में की पैदल गश्त
थाना निरीक्षण के उपरांत एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस बल के साथ कस्बा रानी की सराय में पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित किया।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को नियमित रूप से पैदल गश्त करने, क्षेत्र में सतर्क दृष्टि बनाए रखने और कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश दिए। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को आमजन की सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का माहौल बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।